स्कूल पहुंची पुलिस, बेटियों को सिखाए सुरक्षा के गुर
स्कूल पहुंची पुलिस, बेटियों को सिखाए सुरक्षा के गुर
मिशन शक्ति 6.0 के तहत बालिकाओं को किया गया जागरूक
साइबर ठगी से बचने और मदद मांगने का बताया तरीका
काकोरी लखनऊ। मिशन शक्ति अभियान 6.0 और ऑनलाइन धोखाधड़ी व साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए गुरुवार को पुलिस टीम एसएफसी स्कूल पहुंची। थाने के प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र राठौर के निर्देशन में एसएसआई प्रदीप यादव, उपनिरीक्षक राज कुमार और अमित कुमार मिशन शक्ति टीम व साइबर टीम के साथ स्कूल गए। वहां छात्राओं को एक जगह बैठाकर अभियान की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बालिकाओं को बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मकसद महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित माहौल देना और उन्हें अपने हक व सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही साइबर जागरूकता पर खास जोर दिया गया। बच्चियों को समझाया गया कि ऑनलाइन ठगी के तरीके आए दिन बदलते रहते हैं, इसलिए अनजान लिंक, फर्जी कॉल और संदिग्ध संदेशों से सावधान रहना जरूरी है। किसी के साथ ठगी हो जाए तो बिना देर किए शिकायत करने की सलाह भी दी गई।
टीम ने थाने में नए बने मिशन शक्ति केंद्र के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि वहां पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को कौन-कौन सी सेवाएं मिलती हैं। पुलिसकर्मियों ने कहा कि कोई भी परेशानी हो तो बिना डरे और बिना झिझक केंद्र पहुंचकर अपनी बात रखी जा सकती है।
इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं को जरूरत के समय काम आने वाली पुलिस, महिला सहायता, साइबर शिकायत, एंबुलेंस और अन्य हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं से कहा कि वे इन जानकारियों को अपने घर, परिवार और सहेलियों तक भी पहुंचाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग जागरूक हो सकें।

Comments