बांटे गए निःशुल्क सहायक उपकरण, मऊ में हजारों दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर आई मुस्कान
बांटे गए निःशुल्क सहायक उपकरण, मऊ में हजारों दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर आई मुस्कान
एडिप और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत इंदिरा गांधी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में 2500 से अधिक लाभार्थियों को मिले उपकरण।
समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की मुख्य प्राथमिकता: ए. के. शर्मा।
मऊ उत्तर प्रदेश। रविवार को मऊ जनपद के मधुबन क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, डुमरी मर्यादपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 2500 से अधिक लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सामान्य ट्राईसाइकिल व अन्य आवश्यक उपकरण प्रदान किए। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का मुख्य ध्येय दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज में एक सम्मानजनक जीवन देना है।
क्षेत्रीय विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि मधुबन, दोहरीघाट और पूरे मऊ जिले के विकास से उनका बेहद पुराना और गहरा लगाव है। कोरोना काल की विषम परिस्थितियों से लेकर आज तक वे क्षेत्र की जनता की सेवा और यहाँ के चौतरफा विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मऊ जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सड़क, बिजली, पेयजल, नगरीय सुविधाओं के साथ-साथ सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है और इस कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। आधुनिक मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और अन्य उपकरण पाकर हजारों बुजुर्गों व दिव्यांगजन के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने सरकार के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मंत्री ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया।


Comments