उ०प्र० पर्यटन विभाग द्वारा विश्व पर्यटन दिवस 2025 पर राज्यव्यापी कार्यक्रम, बच्चों से बूढ़ों तक ने दिखाया उत्साह

उ०प्र० पर्यटन विभाग द्वारा विश्व पर्यटन दिवस 2025 पर राज्यव्यापी कार्यक्रम, बच्चों से बूढ़ों तक ने दिखाया उत्साह

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने उच्चीकृत उ०प्र0 पर्यटन कार्यालय, आगरा के पर्यटन सूचना केंद्र का किया लोकार्पण

प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति ने मुख्यमंत्री फैलोशिप विजेताओं का लखनऊ में किया सम्मान

विश्व पर्यटन दिवस 2025: उत्तर प्रदेश में संस्कृति, समावेशिता और नई पीढ़ियों के लिए संभावनाओं का उत्सव- जयवीर सिंह

लखनऊ आगरा। उत्तर प्रदेश ने राज्यभर में विश्व पर्यटन दिवस 2025 बड़े उत्साह के साथ मनाया, जिसमें शहर और गांव के लोग ‘पर्यटन और सतत् परिवर्तन’ के वैश्विक विषय के तहत एकजुट हुए। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आगरा में उच्चीकृत क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय के पर्यटन सूचना केंद्र का लोकार्पण किया। तत्पश्चात, छात्रों के समूहों को इको, हेरिटेज और आध्यात्मिक पर्यटन के लिए रवाना किया।इस अवसर पर संबोधन में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, 'उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में पर्यटन हमेशा ही एक प्रमुख स्तंभ रहा है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर, जब हम सतत् परिवर्तन की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं, हमारा दृष्टिकोण स्पष्ट है। हमें पर्यटन को ऐसा समावेशी बनाना है जो समुदाय आधारित हो और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार हो। हर नई पहल हमें 'विकसित भारत @2047 के सपनों के और करीब ले जाती है, जहां उत्तर प्रदेश एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में चमकता दिखाई देगा।'

'आगंतुकों के लिए बेहतर सेवा में होगा अहम'

पर्यटन मंत्री ने कहा, 'आगरा में आयोजित समारोह उत्सवपूर्ण रहा। कार्यक्रम में राज्यभर से आए हितधारक, छात्र और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों की उपस्थित ने इसे और खास बनाया। क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय का उद्घाटन स्थानीय समुदायों के लिए नई संभावनाओं और आगंतुकों के लिए बेहतर सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।' 

छात्रों, होटल संचालको, टूर ऑपरेटर की भागीदारी

छात्रों के पर्यटन कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, पारिस्थितिक और आध्यात्मिक विविधता को युवाओं के माध्यम से प्रचारित करने के प्रतीक रूप में किया गया। इस अवसर पर पर्यटन उद्योग के प्रमुख हितधारकों, जिनमें होटल संचालक, टूर ऑपरेटर और अन्य प्रतिनिधि शामिल थे। समारोह का समापन अधिकारियों, समुदायिक नेताओं और प्रतिभागियों के साथ आयोजित लंच से हुआ, जिसने पर्यटन को लोगों को जोड़ने और आपसी समझ का सेतु बनाने वाले एक प्रभावशाली मंच के रूप में प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम ने न केवल युवाओं को पर्यटन के सशक्त राजदूत बनाने का संदेश दिया, बल्कि सतत और समावेशी पर्यटन के महत्व को भी उजागर किया।

लखनऊ में मुख्यमंत्री फेलोशिप विजेताओं का सम्मान

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित मान्यवर कांशीराम प्रबंधन संस्थान (एमकेआईटीएम), लखनऊ में विश्व पर्यटन दिवस (27 सितंबर) के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि के तौर पर प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात की गरिमामय उपस्थिति रही। विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। 

प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने विश्व पर्यटन दिवस-2025 की थीम 'पर्यटन एवं सतत परिवर्तन' को प्रेरक संदेश बताया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, 'वर्तमान में पर्यटन केवल मनोरंजन या भ्रमण तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह संस्कृतियों के मेल, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदायों के आर्थिक उत्थान और सांस्कृतिक धरोहर के संवर्द्धन का भी एक महत्वपूर्ण साधन बन चुका है।' इस दौरान मुख्यमंत्री फेलोशिप विजेता ज्योति तिवारी (बलरामपुर) और आदित्य त्यागी (मुज़फ्फरनगर), अभिलाष गुप्ता (सीतापुर ) को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

एमकेआईटीएम के छात्रों ने गणेश वंदना से लेकर लोक एवं शास्त्रीय नृत्य तक अपनी बहुरंगी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा पर आधारित नृत्य तथा पर्यटन आधारित नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों ने राज्य की समृद्ध विरासत और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शिक्षकगण ने अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। 

प्रदेश भर में ग्रामीण पर्यटन पर कार्यक्रम आयोजित

46वें विश्व पर्यटन दिवस की थीम 'पर्यटन एवं सतत परिवर्तन' पर ग्रामीण पर्यटन के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कार्यक्रम आयोजित हुए। अयोध्या मंडल, गोंडा के वजीरगंज गांव, रायबरेली के गौरा खसपरी, सीतापुर, लखनऊ में काकोरी दशहरी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, बस्ती, गोरखपुर, अमेठी सहित अन्य जिलों में भी कई कार्यक्रम हुए। बच्चों द्वारा चित्रकारी, पौधरोपण, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कई जिले में हेरिटेज वॉक, निबंध लेखन, प्रभात फेरी, स्थानीय व्यंजनों पर चर्चा आदि हुए। इन आयोजनों में पर्यटन से जुड़े अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों आदि की भागीदारी रही। उत्साहवर्धन के लिए बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।     

विश्व पर्यटन दिवस की थीम पर परिचर्चा

उन्नाव में उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 और विश्व पर्यटन दिवस की थीम पर परिचर्चा हुई। परियोजना अंतर्गत चयनित होमस्टे मालिकों के साथ विचार-विमर्श तथा प्रशिक्षित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इत्र नगरी कन्नौज में हस्तशिल्प स्टॉल, लोक संगीत (आल्हा-ऊदल को समर्पित) तथा नजदीकी एग्रो-टूरिज्म स्थल का अवलोकन एवं भ्रमण किया गया । गोरखपुर मंडल में हाल ही में पंजीकृत संपत्तियों को निवेश मित्र के तहत एग्रो-प्रॉपर्टी प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। 

इको-टूरिज्म पर स्कूली छात्रों को कराया भ्रमण

यूपी इको-टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड ने छात्रों के लिए विशेष एक-दिवसीय शैक्षिक पर्यटन कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें उन्हें इको और वन्यजीव स्थलों का अनुभव मिला। इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीनार तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चिनहट के विद्यार्थियों को लखनऊ चिड़ियाघर का शैक्षिक भ्रमण कराया गया।

जीजीआईसी विकास नगर और जीजीआईसी इंदिरानगर के विद्यार्थियों को कुकरैल रिज़र्व फ़ॉरेस्ट का भ्रमण कराया गया। जनता इंटर कॉलेज आलमबाग तथा जीजीआईसी छोटी जुबली लखनऊ के विद्यार्थियों को कानपुर चिड़ियाघर का भ्रमण कराया गया। जीजीआईसी सरोसा भरोसा और जीजीआईसी श्रृंगारनगर लखनऊ के विद्यार्थियों को नवाबगंज पक्षी विहार का भ्रमण कराया गया। राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ गोसाईंगंज और अग्रसेन इंटर कॉलेज बनवाली गली चौक लखनऊ के विद्यार्थियों को लाख बहोसी पक्षी विहार, कन्नौज का भ्रमण कराया गया।

आगरा में नवनिर्मित पर्यटन कार्यालय के उद्घाटन से लेकर लखनऊ में युवा प्रतिभाओं के सम्मान त और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों से लेकर इको-टूरिज्म की गतिविधियों तक, उत्तर प्रदेश ने विश्व पर्यटन दिवस 2025 को भव्य उत्सव और विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *