सगे भांजे की गला घोंटकर हत्या करने वाला मामा 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

सगे भांजे की गला घोंटकर हत्या करने वाला मामा 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

सगे भांजे की गला घोंटकर हत्या करने वाला मामा 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

​बहन पर गलत नीयत रखने से क्षुब्ध होकर मामा ने दी खौफनाक वारदात को अंजाम

शराब पिलाकर नशे की हालत में प्लास्टिक की पट्टी से कसा गला, शव खेत में फेंका

इटौंजा लखनऊ। बुधवार को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की स्वाट/सर्विलांस और इटौंजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की एक सनसनीखेज गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की स्ट्रेप (पट्टी) भी बरामद कर ली है। पकड़े गए अभियुक्त ने अपने ही सगे भांजे की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।

​प्राप्त विवरण के अनुसार, मंगलवार को वादी राम शंकर सिंह, पुत्र स्वर्गीय नकछेद सिंह, निवासी इन्द्रपुरी कॉलोनी, थाना मड़ियांव द्वारा इटौंजा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनके 22 वर्षीय पुत्र सचिन सिंह को एक व्यक्ति घर से बुलाकर ले गया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर तत्काल संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की हत्या से संबंधित सुसंगत धारा के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तरी के कुशल निर्देशन में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार को महोना नहर पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त बृजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ ब्रजेश सिंह, पुत्र राजबहादुर सिंह, निवासी ग्राम अकबरपुर, थाना इटौंजा को दबोच लिया।

​पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक सचिन सिंह रिश्ते में उसका भांजा लगता था और पारिवारिक संबंधों के कारण उसका घर पर आना-जाना था। अभियुक्त का आरोप है कि सचिन उसकी बहन पर गलत नीयत रखता था, जिसे लेकर उसने कई बार सचिन को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसी बात से आक्रोशित होकर अभियुक्त ने सोमवार को सचिन को बहाने से अपने गांव अकबरपुर बुलाया, जहाँ उसे पहले अत्यधिक शराब पिलाई। जब सचिन नशे में पूरी तरह धुत्त हो गया, तो अभियुक्त ने बोरिंग के पास पड़ी प्लास्टिक की पट्टी से उसका गला कसकर उसे मौत के घाट उतार दिया और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पास के केले के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है, वर्तमान में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *