मोटरसाइकिल नहीं, अज्ञात जीप से हुई थी महिला की मौत; पुलिस की जांच में खुलासा
PPN NEWS
प्रकाश प्रभाव संवाददाता
फिरोजाबाद। थाना फरिहा क्षेत्र में महिला की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में पुलिस विवेचना और बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी की एफएफआरएम टीम की जांच में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जांच में दुर्घटना नामजद मोटरसाइकिल से नहीं, बल्कि किसी अज्ञात जीप से होने की बात सामने आई है। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर नामजद मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध न्यायालय में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी है। हालांकि, मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को सड़क दुर्घटना में घायल महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना के करीब 47 दिन बाद थाना फरिहा में मोटरसाइकिल संख्या UP82 एएन 3905 के चालक को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मामले के विवेचक उपनिरीक्षक श्रीकांत कटारिया ने विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए तथा मेडिकल अभिलेखों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कराया। जांच के दौरान मेडिकल रिकॉर्ड में चोट के संबंध में "Hit by Jeep" अंकित मिला। वहीं उपलब्ध गवाहों के बयानों से भी नामजद मोटरसाइकिल से दुर्घटना होना प्रमाणित नहीं हो सका।
उधर, बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी की एफएफआरएम टीम द्वारा की गई जांच में वाहन स्वामी प्रीतम सिंह का लिखित बयान लिया गया। बयान में प्रीतम सिंह ने बताया कि दुर्घटना के समय वह अपनी मोटरसाइकिल के साथ राजस्थान के भरतपुर जनपद के भुसावर क्षेत्र में फेरी का कार्य कर रहे थे और उनकी मोटरसाइकिल का उक्त घटना से कोई संबंध नहीं था। बीमा कंपनी की जांच में सामने आए तथ्यों से पुलिस को भी अवगत कराया गया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों, मेडिकल अभिलेखों तथा बीमा कंपनी की जांच से उपलब्ध कराई गई जानकारी का परीक्षण किया। इसके बाद नामजद मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध आरोप सिद्ध करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं पाए गए। इसी आधार पर पुलिस ने न्यायालय में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी।
पुलिस की अंतिम रिपोर्ट में दुर्घटना के लिए अज्ञात वाहन की संभावना सामने आई है। अज्ञात वाहन की तलाश और उससे संबंधित कार्रवाई का उल्लेख भी रिपोर्ट में किया गया है। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

Comments