युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों में कोहराम
युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों में कोहराम
घर के कमरे में पंखे के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर की आत्महत्या।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने युवक को किया मृत घोषित।
लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नेवलखेड़ा में मंगलवार दोपहर एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मनोज (35 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय श्रीकेशन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे मनोज ने अपने घर के कमरे में छत के पंखे से साड़ी का फंदा बनाया और उस पर झूल गया। जैसे ही परिजनों को इस बात की भनक लगी, चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया और परिजनों की मदद से युवक को फंदे से उतारकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहनलालगंज ले जाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।


Comments