डी एम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का किया अचानक निरीक्षण; 4 दिसंबर तक काम पूरा करने डीका आदेश।
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 4 November, 2025 20:09
- 54

मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुँचाने की स्थिति का लिया जायजा, सरोजनीनगर के बूथों का किया दौरा।
जिलाधिकारी, विशाख ने लापरवाही पर कार्रवाई की दी चेतावनी।
लखनऊ। जनपद लखनऊ में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, निर्वाचक नामावलियों (मतदाता सूची) के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) द्वारा गणना प्रपत्र का वितरण कार्य शुरू किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्य की पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख ने विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी विशाख ने विशेष रूप से सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया और बूथ संख्या 19, 20 व 100 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, बूथ संख्या 19 पर बीएलओ राजेश चंद्र राव, बूथ संख्या 20 (सरोसा भरोसा) पर बीएलओ सरला, और बूथ संख्या 100 (सेक्टर जी एलडीए कॉलोनी, आशियाना) पर बीएलओ गंगाराम उपस्थित मिले।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बीएलओ द्वारा मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाने की स्थिति का अवलोकन करना था। जिलाधिकारी ने बूथ पर मौजूद बीएलओ से कार्य की प्रगति के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र समयबद्ध रूप से पहुँचे। इसके साथ ही, प्रत्येक प्रपत्र को निर्धारित समय सीमा के अन्दर यानी 4 दिसंबर 2025 से पूर्व भरकर संकलित कर लिया जाए।
निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने विभिन्न बूथों पर मतदाताओं से सीधे संवाद भी किया और उनके फीडबैक के आधार पर बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पुनरीक्षण के कार्य को उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए।
Comments