ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने आंधी के बाद विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की, बोले– जनता को हर हाल में मिले निर्बाध बिजली
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 2 June, 2026 20:20
- 75

ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने आंधी के बाद विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की, बोले– जनता को हर हाल में मिले निर्बाध बिजली
प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति और आंधी से हुए नुकसान की डिस्कॉमवार समीक्षा, जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
बिना उचित कारण संविदाकर्मियों को नौकरी से न निकालने की हिदायत, विधायक निधि के विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर।
उत्तर प्रदेश। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने मंगलवार को लखनऊ स्थित संगम सभागार में विद्युत विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति, आंधी-तूफान के बाद उत्पन्न हुई बाधाओं के निस्तारण और उपभोक्ता शिकायतों के समाधान की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। ऊर्जा मंत्री ने सभी विद्युत वितरण निगमों (डिस्कॉम) के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखकर काम करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने सभी प्रबंध निदेशकों से आंधी-तूफान के कारण बिजली ढांचे को हुए नुकसान और मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कहीं भी फॉल्ट होने पर उसे तुरंत ठीक किया जाए। जनप्रतिनिधियों द्वारा मिलने वाली शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सिद्धार्थनगर के अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोटूक कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की शिकायतों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान संविदाकर्मियों के मुद्दे पर भी अहम फैसला लिया गया। ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने संविदाकर्मियों को हटाए जाने की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी संविदाकर्मी को बिना उचित कारण नौकरी से न निकाला जाए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने में संविदाकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विधायक निधि से प्रस्तावित विकास कार्यों में तेजी लाने और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में यूपीपीसीएल के एमडी नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल और सभी डिस्कॉम के एमडी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Comments