ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा का बड़ा फैसला: कम लोड वाले उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 24 April, 2026 19:29
- 86

ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा का बड़ा फैसला: कम लोड वाले उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत
1 किलोवाट वाले उपभोक्ताओं का नेगेटिव बैलेंस होने पर भी 30 दिन तक नहीं कटेगा कनेक्शन
कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को भेजे जाएंगे 5 अनिवार्य एसएमएस अलर्ट
लखनऊ। लखनऊ में शुक्रवार को प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने बिजली उपभोक्ताओं, खासकर कम आय वर्ग वाले घरेलू उपभोक्ताओं के हित में एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बढ़ती गर्मी के बीच जनता को राहत देते हुए मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि 1 किलोवाट तक के लोड वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन बैलेंस खत्म होने या नेगेटिव होने के बावजूद 30 दिनों तक नहीं काटा जाएगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े।
मंत्री ए के शर्मा ने स्पष्ट किया कि नेगेटिव बैलेंस की स्थिति में भी एक महीने का चक्र पूरा होने से पहले बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए अब विभाग को कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ता के मोबाइल पर 5 बार एसएमएस अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा। इसी तरह 2 किलोवाट लोड वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है, जिनका ₹200 तक का माइनस बैलेंस होने पर बिजली नहीं काटी जाएगी। इन उपभोक्ताओं के लिए भी एसएमएस सूचना प्रणाली प्रभावी रहेगी।
भीषण गर्मी के मद्देनजर ऊर्जा मंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों को विद्युत अनुरक्षण (रखरखाव) कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए अब तक लगभग 30 लाख नए खंभे लगाए गए हैं और ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई गई है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि आज उत्तर प्रदेश पूरे देश में सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति करने वाला राज्य बन चुका है और सरकार प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Comments