खेत में काम कर रहे ग्रामीण पर तेंदुए का जानलेवा हमला
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 25 April, 2026 11:45
- 59

खेत में काम कर रहे ग्रामीण पर तेंदुए का जानलेवा हमला
खेत में काम के दौरान तेंदुए ने किया लहूलुहान
पेड़ पर चढ़कर बैठा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत
बहराइच। शनिवार को जिले के थाना मोतीपुर क्षेत्र अंतर्गत मटिहा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण पर तेंदुए ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। घटना के बाद तेंदुआ भागने के बजाय पास ही स्थित एक पेड़ पर चढ़ गया और कई घंटों से वहीं डटा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल ग्रामीण की पहचान मटिहा निवासी ननकन के रूप में हुई है। शनिवार को ननकन अपने खेत में काम कर रहा था, तभी घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर झपट्टा मार दिया। ननकन के शोर मचाने पर जब आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े, तो तेंदुआ उन्हें छोड़कर पास के एक ऊंचे पेड़ पर जा चढ़ा।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल ननकन को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और थाना मोतीपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। वन विभाग की टीम तेंदुए को पेड़ से सुरक्षित नीचे उतारने और उसे रेस्क्यू करने के लिए जाल व पिंजरे का इंतजाम कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की तरफ न जाएं और सतर्क रहें। फिलहाल तेंदुए को पकड़ने की कवायद जारी है।

Comments