जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निकली जागरूकता रथ, राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार शुरू
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 7 September, 2026 15:46
- 37

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निकली जागरूकता रथ, राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार शुरू
पुलिस, तहसील और गांव-गांव जाएगी प्रचार गाड़ी, लोगों को बताएगी सुलह से विवाद सुलझाने का तरीका
12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान भी दिसंबर तक चलेगा
लखनऊ। जिला अदालत परिसर से रविवार सुबह एक खास गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मकसद था लोगों तक यह बात पहुंचाना कि 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में वे अपने मुकदमे आपसी सुलह से निपटा सकते हैं। यह गाड़ी अब शहर के कोने-कोने, तहसीलों और दूर-दराज के इलाकों तक घूमकर लोगों को इस बारे में समझाएगी।
गाड़ी को जिला जज मलखान सिंह ने अदालत परिसर से रवाना किया। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि आम जनता तक बात पहुंचाने के लिए ही यह कदम उठाया गया है। उनके मुताबिक, प्रचार गाड़ी लखनऊ की सभी तहसीलों और ब्लॉकों में जाकर लोगों को आने वाली लोक अदालत और मध्यस्थता अभियान की जानकारी देगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका फायदा उठा सकें।
बता दें कि यह लोक अदालत जिला अदालत के साथ-साथ परिवार न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, भूमि अर्जन पुनर्वासन प्राधिकरण, उपभोक्ता फोरम, स्थायी लोक अदालत, श्रम न्यायालय, वाणिज्यिक न्यायालय और कलेक्ट्रेट सहित जिले की सभी तहसीलों में एक साथ लगेगी। इसके अलावा राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान भी 1 अगस्त से 30 दिसंबर तक चलाया जा रहा है, जिसका मकसद पक्षकारों के बीच बातचीत और समझौते से विवादों को जल्द निपटाना है।
इस कार्यक्रम में अपर जिला जज अभिनय कुमार मिश्रा, सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, पुलिस उपायुक्त किरन यादव समेत कई न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, पैनल अधिवक्ता और पराविधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।
Comments