जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति (रजि.) का प्रथम स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 5 July, 2026 11:54
- 83

पत्रकारों की एकजुटता का सशक्त संदेश, उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति (रजि.) का प्रथम स्थापना दिवस गरिमामय वातावरण में संपन्न
अमित श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति (रजि.) का प्रथम स्थापना दिवस शनिवार, 4 जुलाई को शिमला पैलेस, लाटूश रोड, लखनऊ में गरिमामय, भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पत्रकारों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने पत्रकारों की एकजुटता, सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया।
मुख्य अतिथि 'राष्ट्रधर्म' के संपादक अशोक वाजपेयी ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने पत्रकारों से सत्य, निष्पक्षता, निर्भीकता एवं राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष हरीश तिवारी ने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है।
उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांग पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए कागजी पहचान-पत्र के स्थान पर डिजिटल प्रेस कार्ड की व्यवस्था लागू की है। इसके लिए उन्होंने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार कल्याण योजनाओं तथा अन्य लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए संगठन आगे भी प्रयास करता रहेगा। महासचिव आशीष तिवारी ने प्रभावशाली मंच संचालन करते हुए कहा कि पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकजुटता है। कार्यक्रम के संयोजक राजेन्द्र गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन को पत्रकारों के सहयोग एवं समस्याओं के समाधान का मजबूत मंच बताया।
संगठन मंत्री गंगेश पाठक ने बताया कि एक वर्ष में संगठन से लगभग 200 पत्रकार जुड़ चुके हैं तथा अगले वर्ष तक 500 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संगठन का विस्तार कर मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए जिला इकाइयों का गठन किया जाएगा तथा पत्रकार हितों की आवाज़ सरकार से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी।उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता ने संगठनात्मक एकता एवं महिला पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। कोषाध्यक्ष श्री जितेन्द्र वाजपेयी ने पत्रकार कल्याण योजनाओं को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता बताई।
संगठन मंत्री शीतला प्रसाद ने सदस्यता अभियान को और तेज करने तथा संगठन मंत्री अवनीश तिवारी ने पूरे प्रदेश में संगठन के विस्तार का संकल्प व्यक्त किया। उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि पत्रकारों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से मजबूती के साथ उठाया जाएगा। समारोह के दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों के साथ-साथ समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न, संगठन का परिचय-पत्र (आई-कार्ड) एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। समिति ने यह भी बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों के कुछ सदस्य अपरिहार्य कारणों से समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे सदस्यों के संगठन के परिचय-पत्र (आई-कार्ड), प्रमाण-पत्र एवं सम्मान सामग्री सुरक्षित रखी गई है, जिन्हें शीघ्र ही संबंधित सदस्यों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया जाएगा अथवा उनके लखनऊ आगमन पर विधिवत प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर हिंदू महिला सेवा समिति की अनीता गुप्ता, निर्मला मिश्रा, शालिनी त्रिपाठी, रुचिका अग्रवाल, किरण गुप्ता एवं मुक्त वर्मा सहित धर्मेंद्र शुक्ला, राकेश शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार रामकृष्ण मिश्रा, शिव नरेश सिंह, राजेश गुप्ता, दीनदयाल तिवारी, हरिनारायण तिवारी, प्रमोद कुमार, विनोद कुमार, आलोक कुमार, अभय गुप्ता, विनोद सिंह तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन पत्रकार एकता, पत्रकार हित, राष्ट्रहित एवं जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति (रजि.) आने वाले समय में प्रदेश के पत्रकारों की सशक्त आवाज़ बनकर उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगी।

Comments