काकोरी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग की लापरवाही पर आक्रोश
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 25 August, 2026 18:29
- 56

काकोरी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग की लापरवाही पर आक्रोश
बहन के घर आया युवक छत पर गया तो सिर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की तार बन गई काल।
बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं हटाई गई झूलती हाईटेंशन लाइन, हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा।
काकोरी लखनऊ। लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र स्थित करीमाबाद गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही एक युवक की जान ले गई। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे थाना काकोरी पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान कामिल पुत्र रमजान, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम शरुआ, थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। कामिल अपनी बहन के घर करीमाबाद गांव आया हुआ था और यहीं मजदूरी कर रहा था। हादसे वाले दिन वह घर की छत पर मौजूद था, तभी मकान से बेहद सटकर गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। लोगों का आरोप है कि रिहाइशी इलाके में नीची झूलती हाईटेंशन लाइनों को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन विभाग ने कभी इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसका खामियाजा एक युवक को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ा।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी करने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। फिलहाल मौके पर स्थानीय पुलिस बल तैनात है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments