लखनऊ के पीजीआई इलाके में रास्ते के विवाद में चली गोली, दीपावली के दिन हुआ खूनी संघर्ष

लखनऊ के पीजीआई इलाके में रास्ते के विवाद में चली गोली, दीपावली के दिन हुआ खूनी संघर्ष
दीपावली के दिन लखनऊ में खून-खराबा, रास्ते के विवाद में दो पक्षों में फायरिंग
एक युवक के पेट में लगी गोली, 5 अन्य घायल; पुलिस ने मामला दर्ज किया
लखनऊ। के पीजीआई थाना क्षेत्र में दीपावली के पावन दिन पर दो पड़ोसी गुटों के बीच रास्ते को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक के पेट में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल 6 लोग जख्मी हुए हैं।
इंस्पेक्टर पीजीआई, धीरेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि सोमवार की शाम लगभग 5 बजे दो पड़ोसी गुटों में रास्ते को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर एक गुट के लोगों ने न सिर्फ ईंट-पत्थर फेंके, बल्कि तमंचे से फायरिंग भी कर दी।
फायरिंग में एक पक्ष के सोनू के पेट में गोली लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अपेक्स ट्रॉमा सेंटर-2 में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घायल सोनू के भाई सचिन यादव ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी कपिल यादव और उनके परिवार (संजय यादव, विजय यादव, प्रीति यादव, पूजा यादव) से रास्ते को लेकर उनका पुराना विवाद है। सचिन का आरोप है कि इसी पुरानी दुश्मनी को लेकर कपिल यादव और अन्य ने उनके परिवार पर हमला किया और मारपीट के दौरान तमंचे से फायर कर दिया।
सचिन ने बताया कि घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं थे। मां के फोन आने पर वह घर पहुंचे और फिर खून से लथपथ अपने भाई को लेकर अस्पताल गए। इंस्पेक्टर धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों गुटों के बीच रास्ते के पुराने विवाद के कारण यह झगड़ा हुआ, जिसमें फायरिंग और पत्थरबाजी हुई।
गोली लगने से घायल सोनू का इलाज चल रहा है, वहीं दूसरे पक्ष के भी कई लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।
Comments