मास्टर प्लान से चमकेगा सदरौना, जलभराव और पेयजल की समस्याओं का होगा स्थायी समाधान
मास्टर प्लान से चमकेगा सदरौना, जलभराव और पेयजल की समस्याओं का होगा स्थायी समाधान
खुशहालगंज मंडल के जन संवाद कार्यक्रम में सदरौना क्षेत्र के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने का बड़ा निर्णय।
डिजिटल टोपोग्राफी मैपिंग से बनेगी समयबद्ध कार्ययोजना, नए नाले के निर्माण और नालियों की री-मॉडलिंग के निर्देश।
पारा लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा स्थित सरोजनी नगर के खुशहालगंज मंडल में आयोजित 'जन संवाद' कार्यक्रम में सदरौना क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान बनाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। विधायक प्रतिनिधि डॉ. अखिलेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस उच्च स्तरीय कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव सहित नगर निगम और जल संस्थान के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस योजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय निवासियों को वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिलने की उम्मीद जागी है।
जन संवाद कार्यक्रम की शुरुआत से पहले क्षेत्र के भ्रमण पर निकले विधायक प्रतिनिधि ने स्थानीय गलियों और सड़कों पर फैले जलभराव को देखकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि अनिल गौतम के घर से लेकर शुभम सिटी तालाब तक एक नए नाले का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मान्यवर काशीराम आवासीय योजना की नालियों की स्थिति को सुधारने के लिए उनकी तत्काल री-मॉडलिंग करने के भी कड़े निर्देश जारी किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों को आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने की हिदायत दी। उन्होंने डिजिटल टोपोग्राफी मैपिंग के जरिए पूरे क्षेत्र का सर्वे कराकर एक समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा है, ताकि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो। इसके अलावा, क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करने के लिए जलापूर्ति को बाधित किए बिना पानी की टंकी के लीकेज को तुरंत सुधारने, जनता को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और स्थानीय पार्कों के सुंदरीकरण व विकास के निर्देश भी दिए गए।
सोमवार को आयोजित हुए इस भव्य कार्यक्रम में प्रशासनिक सुधारों और विकास की इस मुहिम को गति देने के लिए भारी संख्या में जनसैलाब उमड़ा। इस खास अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष कीर्ति वर्धन सिंह, मंडल प्रभारी खुशहाल गंज, अरुण कुमार मिश्रा, समाज सेविका रागिनी सहित क्षेत्र के हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस मास्टर प्लान की पहल की सराहना की।


Comments