लोकबंधु अस्पताल में आधुनिक लेजर सर्जरी की सुविधा शुरू, पाइल्स से फिस्टुला तक के इलाज को मिलेगी नई तकनीक
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 16 October, 2026 22:31
- 58

PPN NEWS
"सीएसआर फंड से मिली लेजोट्रॉनिक्स लेजर मशीन, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया प्रशिक्षण; मरीजों को बेहतर उपचार की उम्मीद"
अमित श्रीवास्तव /ब्यूरो चीफ
लखनऊ। राजधानी के लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों को आधुनिक शल्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को चिकित्सालय में लेजोट्रॉनिक्स लेजर मशीन के माध्यम से विभिन्न बीमारियों के उपचार को लेकर वृहद प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए सर्जनों को लेजर तकनीक से ऑपरेशन करने की प्रक्रिया और आधुनिक शल्य चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी। साथ ही संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन भी किए गए।
कार्यक्रम चिकित्सालय के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. विवेक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण में नई दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल के लेजर प्रोक्टोलॉजिस्ट डॉ. ए.एस. चिलाना और मैक्स अस्पताल के वास्कुलर सर्जन डॉ. संतोष कुमार तिवारी ने विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया।
पाइल्स, फिशर और फिस्टुला के उपचार में मिलेगी सुविधा
प्रशिक्षण के दौरान बवासीर (पाइल्स), फिशर, फिस्टुला, पाइलोनाइडल साइनस और नसों से संबंधित बीमारियों के उपचार में लेजर तकनीक के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने ऑपरेशन की प्रक्रिया, तकनीकी सावधानियों और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के तरीकों की जानकारी दी।
कम समय में उपचार और जल्दी सामान्य दिनचर्या में लौटने की उम्मीद
अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉक्टर राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि उपयुक्त मरीजों में लेजर सर्जरी से रक्तस्राव कम होने, दर्द में कमी और अस्पताल में कम समय तक रुकने जैसे लाभ मिल सकते हैं। कुछ प्रक्रियाओं में ऑपरेशन में लगभग 10 से 30 मिनट लग सकते हैं और मरीज की स्थिति के अनुसार उसी दिन छुट्टी भी दी जा सकती है। हालांकि, उपचार का समय, दर्द, दवाओं की जरूरत और रिकवरी बीमारी तथा मरीज की स्थिति पर निर्भर करती है।
*सीएसआर फंड से मिली लेजर मशीन*
इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक डॉक्टर विवेक गुप्ता ने बताया कि यह लेजोट्रॉनिक्स लेजर मशीन इंडिया प्रेस्टीसाइड्स लिमिटेड, लखनऊ के निदेशक विश्वास स्वरूप अग्रवाल ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड के माध्यम से दान की है। इस मशीन के जरिए अस्पताल आने वाले मरीजों को संबंधित बीमारियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर निदेशक डॉक्टर विवेक गुप्ता सहित वरिष्ठ चिकित्सकों ने आधुनिक लेजर मशीन उपलब्ध कराने वाली संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में लोकबंधु अस्पताल के निदेशक डॉ० विवेक गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय वर्मा, अपर निदेशक ग्रेड (सर्जन) डॉ० राजेश कुमार, वरिष्ठ परामर्शदाता (सर्जन) डॉ० राजेश कुमार श्रीवास्तव, डॉ० शबीह मजहर, डॉ० अमित मिश्रा सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
चिकित्सालय प्रशासन का कहना है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से चिकित्सकों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और मरीजों को आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
Comments