हार्ट अटैक से 12 साल पहले ही बज जाएगी खतरे की घंटी, बस दो बूंद खून खोलेगा दिल का राज
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 15 November, 2026 18:29
- 67

हार्ट अटैक से 12 साल पहले ही बज जाएगी खतरे की घंटी, बस दो बूंद खून खोलेगा दिल का राज
दिल का दौरा अब नहीं रहेगा साइलेंट, 12 साल पहले ही मिल जाएगा अलार्म।
शरीर में छिपा है खतरनाक प्रोटीन, दो बूंद खून बताएगा दिल पर कब आएगा संकट।
लखनऊ। आजकल अचानक होने वाली मौतों ने हर किसी को डरा रखा है। लोग अक्सर कहते हैं कि वो तो बिल्कुल फिट था, फिर अचानक हार्ट अटैक कैसे आ गया? अब इस सवाल का जवाब एरा यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने ढूंढने का दावा किया है। बीते शुक्रवार को एरा यूनिवर्सिटी में हुई 5वीं इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में वैज्ञानिकों ने बताया कि हार्ट अटैक अचानक नहीं आता। शरीर में छिपा एक प्रोटीन मॉलिक्यूल "सीरम एडमा" अटैक से 10-12 साल पहले ही बढ़ना शुरू हो जाता है। अब तक इसे पकड़ने का कोई तरीका नहीं था, लेकिन यूनिवर्सिटी ने ऐसी मशीन बना ली है जो सिर्फ दो बूंद खून से इसकी जांच कर लेगी। इस शोध का पेटेंट भी करा लिया गया है।
इंडियन सोसाइटी ऑफ पर्सनलाइज्ड मेडिसिन के तत्वावधान में हुए पर्सनलाइज्ड मेडिसिन पर 5वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (आईएसपीएमकॉन-2026) में यूनिवर्सिटी की उपकुलपति प्रो. फरजाना महदी ने बताया कि अब तक दिल का हाल जानने के लिए सिर्फ कोलेस्ट्रॉल और लिपिड की जांच होती थी। मगर करीब 50 फीसदी मरीज ऐसे हैं, जिनका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा ही नहीं, फिर भी उन्हें हार्ट अटैक हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसी से हमें लगा कि शरीर में कोई छिपी चीज जरूर है। तब यह मॉलिक्यूल मिला, जो न फैट है, न लिपिड, बल्कि प्रोटीन है। इसकी जांच हिंदुस्तान ही नहीं, दुनिया में कहीं नहीं होती थी। विदेश से महंगी किट मंगवानी पड़ती थी, जिसे आम आदमी नहीं खरीद सकता था।
प्रो. फरजाना ने कहा कि हम सब एक बम पर बैठे हैं, कब फट जाए किसी को नहीं पता। अगर इस टेस्ट से पहले ही खतरे का पता चल जाए तो लोग सही इलाज शुरू कर सकेंगे। लाइफस्टाइल और खानपान बदलने से बीमारी इतनी तेजी से आगे नहीं बढ़ेगी, कुछ दवाओं से इसे वहीं रोका भी जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि चेन्नई से आईं डॉ. जननी दक्षिणामूर्ति की कंपनी जीन ऑरा प्राइवेट लिमिटेड के साथ एरा यूनिवर्सिटी ने करार किया है। कंपनी अब इस सस्ती टेस्ट मशीन का प्रोटोटाइप तैयार कर रही है, ताकि जांच आम आदमी तक पहुंच सके। दिल के साथ-साथ डायबिटीज, ग्लूकोमा और कैंसर की शुरुआती पहचान पर भी काम चल रहा है। फिलहाल एरा में इस स्पेशल टेस्ट की स्क्रीनिंग शुरू हो चुकी है। जिनका एडमा बढ़ा मिलेगा, उनकी ईसीजी और इको जांच कर समय रहते बचाव शुरू किया जाएगा।
यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. डॉ. अब्बास अली महदी ने कहा कि एक दवा हर किसी पर एक जैसा असर करे, यह जरूरी नहीं। किसी पर अच्छा असर करती है, किसी पर कुछ नहीं और किसी को साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं। इसी वजह से पर्सनलाइज्ड मेडिसिन विभाग बनाया गया, जो कहीं और नहीं है। इस मौके पर पर्सनलाइज्ड मेडिसिन के डॉ. शिराज रिजवी ने भी नई एडमा टेस्ट मशीन के फायदे बताए।
Comments